घटना को पीछे छोड़ बढ़ें आगे… सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से की बात

देहरादून  ।  गायक दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल विवाद को सुलझाने के लिए सीएम पुष्कर सिंह धामी मैदान में उतर चुके हैं। सीएम धामी ने दलेर मेहंदी से फोन पर बात कर घटना को भूलते हुए आगे बढ़ने की अपील की है। गायक मीका सिंह ने मुख्यमंत्री धामी की पहल की सराहना की है। उन्होंने दोहराया है कि कलाकारों के सम्मान के लिए मंत्री उनियाल को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए।
फोन पर बातचीत के बाद सीएम धामी ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रसिद्ध गायक दलेर मेहंदी जी से फोन पर बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना। इस दौरान पिछले दिनों हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई। हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए।
एक दिन पहले मीका सिंह से की थी बात: सीएम धामी ने एक दिन पहले बृहस्पतिवार को दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह से भी बात की थी। उनका कहना था कि दलेर मेहंदी और मीका सिंह दोनों से उनकी मित्रता है। वह दोनों से बात करेंगे। मीका से बात के बाद सीएम ने कहा था कि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भव:’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है। लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना देवभूमि उत्तराखंड की विशिष्ट पहचान है। उत्तराखंड में कला, संस्कृति और कलाकारों का सम्मान किया जाता है।
मंत्री पर रहा होगा दबाव: इससे पूर्व में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा था कि उस समय मंत्री पर जनता का दबाव रहा होगा। ऐसे में जब मंत्री सुबोध उनियाल खुद ही साफ कर चुके हैं कि उनको दलेर मेहंदी की खराब तबीयत की जानकारी नहीं थी। उनका गायक दलेर मेहंदी को अपमानित करने का कोई इरादा नहीं था तो सबको इस मामले की यहीं पर इतिश्री कर देनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *