ध्वजारोहण के साथ सीएम धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां, सात बड़ी घोषणाओं का किया ऐलान

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय मुख्य समारोह में ध्वजारोहण किया। राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के बाद मुख्यमंत्री ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान ‘जन गण मन’ के साथ समारोह आगे बढ़ा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अमर शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए सर्वस्व न्यौछावर करने वाले वीर बलिदानियों का त्याग राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने सीमाओं की रक्षा कर रहे सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस जवानों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त की।

14 पुलिसकर्मी और 13 खिलाड़ी सम्मानित

समारोह में मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों को सम्मानित किया। इसके अलावा 14 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किए गए। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले 13 खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्यमंत्री ने फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

आपदा प्रभावितों के साथ खड़ी है सरकार

प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हाल में आई प्राकृतिक आपदाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावितों तक तत्काल राहत पहुंचाना, घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना और जिन लोगों ने घर व आजीविका खोई है, उन्हें आवश्यक सहायता देना है। क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, पेयजल एवं विद्युत लाइनों को जल्द दुरुस्त करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

विकसित भारत और विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2026 कई मायनों में ऐतिहासिक है। देश स्वतंत्रता के 80वें वर्ष में प्रवेश कर रहा है और ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ मनाई जा रही है। उन्होंने संत रविदास की 650वीं जयंती और गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष का भी उल्लेख किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सेमीकंडक्टर, अंतरिक्ष, रक्षा उत्पादन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विज्ञान, स्टार्टअप, खेल, योग और आयुर्वेद सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है।

2035 तक विकसित उत्तराखंड का लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2035 तक विकसित उत्तराखंड बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। सड़क, रेल और रोपवे कनेक्टिविटी को विस्तार देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और विभिन्न रोपवे परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य की कनेक्टिविटी को नई गति मिल रही है।

जमरानी, लखवाड़, किशाऊ और सौंग बांध परियोजनाओं पर भी तेजी से काम किए जाने की बात मुख्यमंत्री ने कही।

चारधाम यात्रा 47 लाख पार, कांवड़ में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु

धामी ने कहा कि केदारनाथ-बदरीनाथ पुनर्निर्माण, केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, ऋषिकेश-हरिद्वार कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर, हरिपुर यमुना तीर्थ पुनर्विकास और शीतकालीन यात्रा जैसी योजनाओं से धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिली है।

उन्होंने दावा किया कि चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या 47 लाख के ऐतिहासिक आंकड़े को पार कर चुकी है, जबकि इस वर्ष कांवड़ मेले में चार करोड़ से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने आगामी वर्ष हरिद्वार में होने वाले कुंभ महापर्व में नया रिकॉर्ड बनने की उम्मीद भी जताई।

युवाओं को रोजगार देने वाला बनाने पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड को धार्मिक पर्यटन के साथ वेलनेस, एडवेंचर टूरिज्म, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। युवाओं को रोजगार तलाशने के बजाय रोजगार देने वाला बनाने के लिए स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत किया जा रहा है। इन्क्यूबेशन सेंटरों के साथ 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था किए जाने की जानकारी दी गई।

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, होम-स्टे योजना और मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और युवाओं को बाजार व स्वरोजगार से जोड़ने की बात भी कही गई।

सरकारी स्कूलों के 10 हजार छात्रों को मुफ्त ऑनलाइन कोचिंग

मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का भी उल्लेख किया। इसके तहत सरकारी विद्यालयों में कक्षा 11वीं और 12वीं के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। पहले चरण में 10 हजार विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा और इसके लिए 7 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

खेलों में 103 पदकों का उल्लेख

मुख्यमंत्री ने 38वें राष्ट्रीय खेलों की सफलता को उत्तराखंड की खेल उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पोर्ट्स लीगेसी प्लान के तहत आठ शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित करने तथा महिला स्पोर्ट्स कॉलेज और खेल विश्वविद्यालय के निर्माण पर काम किए जाने की जानकारी दी।

महिला, किसान और विज्ञान के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण, कृषि उपकरणों पर 80 प्रतिशत तक सब्सिडी और निःशुल्क नहर सिंचाई जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का दावा किया।

उन्होंने राज्य की पहली विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार नीति लागू किए जाने तथा देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी के निर्माण की जानकारी भी दी।

जीएसडीपी में 7.23 फीसदी वृद्धि का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले एक वर्ष में राज्य की जीएसडीपी में 7.23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई है, जबकि प्रतिव्यक्ति आय में 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये पार कर चुका है। पिछले पांच वर्षों में 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित होने तथा स्टार्टअप की संख्या 700 से बढ़कर करीब 1,750 होने की जानकारी भी दी गई।

उन्होंने नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों के इंडेक्स में उत्तराखंड के देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने सहित विभिन्न उपलब्धियों का उल्लेख किया।

यूसीसी से नकल विरोधी कानून तक फैसले गिनाए

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगारोधी कानून और नकल विरोधी कानून जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पिछले पांच वर्षों में 34 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी मिलने का दावा करते हुए उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई।

स्वतंत्रता दिवस पर सात बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री धामी ने समारोह में प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़ी सात महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं—

1. चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक पार्क स्थापित किए जाएंगे।

2. प्रदेश का पहला ‘युवा आयोग’ गठित किया जाएगा।

3. सीमावर्ती गांवों के युवाओं, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए अतिरिक्त सहायता और प्रोत्साहन दिया जाएगा।

4. वर्ग-3 एवं वर्ग-4 की भूमि के विनियमितीकरण की समय-सीमा बढ़ाकर भूमिधरी अधिकार दिए जाएंगे।

5. प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत राज्यांश 50 हजार से बढ़ाकर 75 हजार रुपये किया जाएगा।

6. 18 से 30 वर्ष के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार एवं उद्यमिता प्रोत्साहन योजना शुरू की जाएगी। आईआईटी और आईआईएम जैसे संस्थानों के सहयोग से निशुल्क उद्यमिता एवं कौशल प्रशिक्षण दिया जाएगा। उद्यम स्थापित करने के लिए बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि सरकार अनुदान के रूप में देगी।

7. प्रदेश के बहादुर बच्चों को सम्मानित करने के लिए इसी वर्ष से ‘बाल वीरता पुरस्कार’ शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता का विश्वास सरकार के लिए राजनीतिक समर्थन भर नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ इस दिशा में काम करती रहेगी।

समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, मेयर सौरभ थपलियाल, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी प्रमेन्द्र डोभाल सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *